राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत मध्यप्रदेश शासन की “ माँ तुझे प्रणाम योजना ” युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की अनुभव यात्रा पर भेजा जाएगा। इस दौरान युवा सीमा पर तैनात सैन्य बलों की गतिविधियों, दिनचर्या तथा देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों से परिचित होंगे। साथ ही उन्हें प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भौगोलिक महत्व के स्थानों से भी परिचित कराया जाएगा।

प्रत्येक विकासखण्ड से 10 युवाओं का होगा चयन

योजना के अंतर्गत प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से 05 युवक एवं 05 युवतियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं में विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। इनमें 01 एनसीसी, 01 एनएसएस, 01 खिलाड़ी, 01 मेधावी छात्र तथा 01 स्काउट/गाइड का चयन किया जाएगा। इसी प्रकार 05 युवतियों का भी संबंधित श्रेणियों के अनुसार चयन किया जाएगा।

चयन के लिए युवक एवं युवतियों की आयु 31 दिसंबर 2027 की स्थिति में 15 से 25 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है। पात्र आवेदकों का चयन लॉटरी पद्धति से किया जाएगा। योजना के तहत पूर्व में अनुभव यात्रा पर भेजे जा चुके अथवा पूर्व में चयनित युवक-युवतियों को पुनः चयन का अवसर नहीं दिया जाएगा।

जिला खेल अधिकारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि योजना के अंतर्गत अनुभव यात्रा में शामिल होने के इच्छुक पात्र युवक एवं युवतियां आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण, जिला खेल परिसर, स्टेडियम, सांची रोड, विदिशा से कार्यालयीन दिवसों में प्राप्त किए जा सकते हैं।

इच्छुक आवेदकों को निर्धारित आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर 22 सितंबर 2026 तक कार्यालयीन समय में जमा करना होगा। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट www.dsywmp.gov.in से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।

जिला खेल अधिकारी ने जिले के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर “ माँ तुझे प्रणाम योजना ” के माध्यम से देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के जीवन, उनकी कार्यप्रणाली और देश सेवा के जज्बे को करीब से जानने वाली इस अनुभव यात्रा का लाभ लेने की अपील की गई है।