कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा है कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार अनूपपुर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को अमरकंटक से किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर मां नर्मदा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत रामघाट में श्रमदान, श्रमदान के पश्चात पौधारोपण तथा सायंकाल मां नर्मदा का पूजन-आरती एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि अभियान के तहत अमरकंटक में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से कराया जाएगा। मुख्य सड़क से मां नर्मदा तट तक पौधारोपण भी कराया जाएगा। अमरकंटक को पुनः उसके वास्तविक स्वरूप में लाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।

बैठक में कलेक्टर श्री झा ने नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले के समस्त नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा के कारण नगरीय क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हुए मार्गों को व्यवस्थित एवं दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने नगरीय निकाय अधिकारियों को प्रतिदिन प्रातः नगरीय क्षेत्रों का भ्रमण करने तथा साफ-सफाई, नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष रूप से आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में हाईवे के किनारे आयोजित होने वाले बाजारों के चिन्हांकन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अनूपपुर में 3, जैतहरी में 4, कोतमा में 1 तथा पुष्पराजगढ़ में 6 बाजार हाईवे के किनारे आयोजित होते हैं। कलेक्टर ने इन बाजारों के लिए अन्य उपयुक्त एवं बेहतर स्थानों का चिन्हांकन कर उन्हें स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों के नए स्थानों तक लोगों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेहतर पहुंच मार्ग की व्यवस्था भी की जाए।

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए जिले के नागरिकों को सोलर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिले में 25 लाख रुपये से अधिक लागत से निर्मित भवनों पर सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। उन्होंने जिले में ऐसे विद्युत कनेक्शनों की भी समीक्षा की, जो वर्तमान में अनुपयोगी हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अनुपयोगी विद्युत कनेक्शनों को नियमानुसार बंद करने की कार्रवाई की जाए, ताकि संबंधित उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान होने वाली जलजनित एवं मौसमी बीमारियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों एवं छात्रावासों में नियमित रूप से पेयजल की सैंपलिंग कराने, किसानों के फार्मर आईडी निर्माण की प्रगति, छात्रावासों एवं आश्रमों में पौधारोपण की स्थिति, सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, अनूपपुर में स्टेडियम के संचालन तथा जिले में स्थापित उद्योगों के कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की।

कलेक्टर श्री झा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का बेहतर लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।