सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विदिशा जिले की ग्राम पंचायत पठारी निवासी श्री अमित रजक के जीवन में दिव्यांगजन पेंशन योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। दिव्यांगता के कारण उन्हें दैनिक जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। नियमित आय के सीमित साधनों के कारण परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना भी कठिन हो जाता था। ऐसे समय में सरकार की दिव्यांगजन पेंशन योजना उनके लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बनकर सामने आई।

योजना के तहत उन्हें नियमित पेंशन राशि प्राप्त होने लगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया। पेंशन से वे अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ अन्य खर्चों का प्रबंधन भी बेहतर तरीके से कर पा रहे हैं। इससे उनमें आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की भावना भी बढ़ी है।

श्री अमित रजक का कहना है कि इस योजना ने उनके जीवन को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया है। वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताते हैं कि आज उन्हें आर्थिक सहायता मिलने से जीवन की कठिनाइयों का सामना करने में काफी मदद मिल रही है।

श्री अमित रजक ने दिव्यांगजन पेंशन योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। यह योजना समाज के जरूरतमंद एवं दिव्यांग नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही है तथा उनके जीवन में आशा और आत्मविश्वास का संचार कर रही है।