मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत वन विभाग द्वारा वारासिवनी ब्लॉक में जनसंवाद एवं समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त शिकायतों को दर्ज कर निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम में वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्की पटेल, पूर्व विधायक एवं मंत्री प्रदीप जायसवाल, कलेक्टर बालाघाट सत्यम कुमार, वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट नित्यानंद एल. (भा.व.से.), जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी तनुश्री मीणा तथा उपवनमंडलाधिकारी कटंगी (सा.) यशपाल मेहरा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों और आमजन से जनसंवाद किया।

इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वन संरक्षक, वन वृत्त बालाघाट गौरव चौधरी (भा.व.से.) एवं वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य बालाघाट नित्यानंद एल. (भा.व.से.) के मार्गदर्शन में दक्षिण सामान्य वनमंडल के अंतर्गत आने वाली 41 वन सुरक्षा समितियों में भी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 आयोजित किया गया।

इन कार्यक्रमों में 165 महिला एवं 301 पुरुष सहित कुल 507 हितग्राही एवं समिति सदस्य शामिल हुए। शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रचलन में है। वन विभाग द्वारा अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।