मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा के तहत वरिष्ठ नागरिकों को रामेश्वरम तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण ने बताया कि वर्तमान स्वीकृत शेड्यूल के अनुसार शिवपुरी जिले से आगामी समय में केवल एक ही तीर्थ दर्शन यात्रा नियत की गई है, जो 15 नवम्बर 2026 को रामेश्वरम धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों विभिन्न स्थानीय समाचार पत्रों में शिवपुरी जिले से एकाधिक (एक से अधिक) तीर्थ यात्राएं संचालित होने के संबंध में समाचार प्रकाशित किए गए थे। इस भ्रामक और त्रुटिपूर्ण जानकारी के कारण आम नागरिकों और विशेषकर वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रियों के मध्य भ्रम व असमंजस की स्थिति निर्मित हो रही थी, जिसके बाद विभाग द्वारा वास्तविक स्थिति को स्पष्ट किया गया है।
जिला शहरी विकास अभिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में जिले के लिए केवल रामेश्वरम तीर्थ स्थल की यात्रा स्वीकृत है। यह यात्रा 15 नवम्बर 2026 को प्रस्थान करेगी। वर्तमान शेड्यूल में जिले से इसके अतिरिक्त अन्य कोई भी यात्रा प्रस्तावित या निर्धारित नहीं है।
परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण शिवपुरी ने जिले के वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।

